पटना : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों हेतु रेल कूपन व्यवस्था के डिजिटलीकरण के संबंध में सभा सचिवालय, संसदीय कार्य विभाग एवं पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई| इस बैठक में वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों हेतु रेल कूपन व्यवस्था के डिजिटलीकरण सहित संबंधित अन्य विषयों पर विचार–विमर्श किया गया| रेलवे के अधिकारियों ने अध्यक्ष को जानकारी दी कि पूरे देश में बिहार विधानसभा पहली विधानसभा होगी जहां रेल कूपन व्यवस्था का डिजिटलीकरण किया जा रहा है| इसके लिए बिहार विधानसभा से सैद्धांतिक सहमति प्राप्त होने के बाद IRCTC द्वारा सॉफ्टवेयर विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी| अध्यक्ष ने सभा सचिवालय के पदाधिकारियों को निदेश दिया कि ऐप विकसित करने हेतु सैद्धांतिक अनुमति देने सहित तमाम प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करें| उन्होंने कहा कि सभा सचिवालय एवं रेलवे समन्वय स्थापित कर 60 दिनों में इस व्यवस्था को लागू कराएं| उन्होंने सभा सचिवालय से एक नोडल पदाधिकारी को नामित करने का निर्देश प्रभारी सचिव को दिया| रेलवे कूपन के डिजिटलीकरण से वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों को टिकट काउंटर जाकर टिकट लेने की बाध्यता खत्म हो जाएगी| आईआरसीटीसी के पोर्टल पर लॉगिन कर वे कहीं से भी टिकट काट सकेंगे, साथ ही, इस व्यवस्था के लागू होने से सरकार को राजस्व की भी बचत होगी| डिजिटलीकरण के प्रारंभिक चरण में वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों की सुविधा के लिए वर्तमान रेलवे कूपन व्यवस्था भी चालू रहेगी|इस बैठक में पटना से खुलने एवं गुजरने वाली रेलगाड़ियों में वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों के लिए विद्यमान वर्तमान कोटा की भी समीक्षा की गई|अध्यक्ष ने रेलवे के अधिकारियों को वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों की सुविधा के लिए वर्तमान कोटा को बढ़ाने तथा जिन रेलगाड़ियों में वर्तमान में कोटा उपलब्ध नहीं है, उसमें कोटा उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया| बैठक में संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू, पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दिलीप कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अजय तिवारी, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संतोष कुमार सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!