पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की सफलता तथा नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सदस्य देशों की सर्व-सम्मति का स्वागत किया है| उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई दिया| मुख्यमंत्री ने बिहार के सत्तु और मखाना को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री आभार व्यक्त किया| उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया भारत का उदय देख रही है| भारत अब वैश्विक मुद्दों पर केवल अपनी बात रखने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने और साझा समाधान प्रस्तुत करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभर रहा है| BRICS शिखर सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता ने इस बढ़ती वैश्विक भूमिका को और मजबूत किया है| उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सहयोग और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है| BRICS देशों द्वारा बहुपक्षवाद, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और अधिक न्यायपूर्ण एवं संतुलित वैश्विक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त किया जाना पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण संदेश है|
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी नेतृत्व की एक ऐतिहासिक मिसाल बनकर उभरा है| वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपनी कुशल कूटनीति से सभी सदस्य देशों को एक मंच पर लाकर सर्वसम्मति से ‘नई दिल्ली घोषणापत्र‘ को पारित कराया, जो भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है| उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक संस्थाओं में सुधारों की वकालत कर ‘ग्लोबल साउथ‘ की आवाज को मजबूती से बुलंद किया| उनके नेतृत्व में ब्रिक्स ने वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए सुरक्षित और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया| साथ ही, उन्होंने प्राचीन धरोहरों को मूल देशों में वापस लाने का संकल्प शामिल कराकर सांस्कृतिक संप्रभुता का सम्मान सुनिश्चित किया|
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता के समर्थन से वैश्विक शासन व्यवस्था में विकासशील देशों की बढ़ती भूमिका को बल मिला है| भारत लंबे समय से अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, लोकतांत्रिक और वर्तमान वैश्विक वास्तविकताओं के अनुरूप बनाने की आवश्यकता पर जोर देता रहा है|आतंकवाद के खिलाफ BRICS देशों के स्पष्ट और दृढ़ रुख का भी स्वागत किया| उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा और आतंकवाद के सभी रूपों एवं तरीकों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रतिबद्धता आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता का महत्वपूर्ण संदेश है| आतंकवाद की फंडिंग, आतंकवादियों की सीमा-पार आवाजाही और उन्हें सुरक्षित पनाहगाह उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है|
वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता के बीच नियम आधारित, खुली और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था समय की आवश्यकता है| BRICS देशों द्वारा वैश्विक व्यापार में कमी, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और एकतरफा प्रतिबंधों को लेकर व्यक्त चिंता तथा WTO में सुधार की आवश्यकता पर जोर महत्वपूर्ण पहल है| उन्होंने कहा कि युद्ध और संघर्षों का समाधान संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से किया जाना चाहिए| परमाणु खतरे को कम करने और अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करना होगा| अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीक के शांतिपूर्ण उपयोग तथा अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ रोकने की प्रतिबद्धता भी मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!