धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है| उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक ही दिन में कुत्तों के काटने से घायल 84 लोग धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे| इनमें से सबसे अधिक मामले निरसा और बलियापुर से सामने आए हैं| लगातार बढ़ रहे कुत्ता काटने के मामलों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन भी सतर्क हो गया है| बड़ी संख्या में कुत्तों के काटने से घायल मरीजों के अस्पताल पहुंचने के कारण यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, घायलों में बच्चा, महिला और बुजुर्गों की संख्या शामिल है| जिले के अलग-अलग इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड लोगों को निशाना बना रहे हैं| खासकर निरसा और बलियापुर में कुत्तों के काटने के मामले लगातार सामने आने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है| कई लोग कुत्तों के काटने के बाद स्थानीय स्तर पर उपचार कराने के बजाय सीधे धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच रहे हैं|
कुत्तों के बढ़ते आतंक ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों की चिंता बढ़ा दी है| सुबह और शाम के समय सड़क, गली-मोहल्लों तथा सुनसान रास्तों पर आवारा कुत्तों के झुंड दिखाई दे रहे हैं,इनके हमले का सबसे अधिक खतरा बच्चों और बुजुर्गों पर बना रहता है| स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग और स्थानीय निकाय को ठोस कदम उठाने की जरूरत है| लोगों ने मांग की है कि संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि घटनाओं पर रोक लग सके| प्रशासन और संबंधित स्थानीय निकाय इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाएं, ताकि लोगों को आवारा कुत्तों के काटने से मुक्ति मिल सके|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!