सिमडेगा/झारखंड : सिमडेगा जिले के सदर थाना अंतर्गत सलडेगा सरना मंदिर रोड में अज्ञात अपराधियों ने बीती रात एक युवक के शारीर पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया| आग लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, घायल युवक की पहचान कमडरा निवासी संतोष महतो के रूप में हुई है, जो सलडेगा में किराए के मकान में रहकर स्थानीय होटल में काम करता है|
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार गुरुवार देर शाम संतोष किसी काम से सरना मंदिर की ओर गया था, रात होने पर लौट रहा था| इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे, तीनों ने हेलमेट से अपना चेहरा ढक रखा था|आरोप है कि अपराधियों ने संतोष के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी| आग लगते ही संतोष बुरी तरह झुलस गया और दर्द से तड़पते हुए वहां से भागने लगा| उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसके शरीर में लगी आग बुझाई| इसके बाद गंभीर हालत में उसे सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है| घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल संतोष से घटना की जानकारी लेने के साथ मामले की जांच शुरू की| पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुरागों की तलाश कर रही है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!