Home इधर-उधरमुख्यमंत्री ने किया बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने किया बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन

विमानन

by Munna Pathak

पटना : स्थानीय बिहार फ्लाइंग इंस्टिट्यूट के नवनिर्मित अत्याधुनिक हैंगर का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा किया गया| इस अवसर पर संस्थान से सफलता पूर्वक कमर्शियल पायलट का लाइसेंस प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले चार प्रशिक्षुओं- कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन सोनल मान सिंह, कर्ण कुमार भारती एवं कैप्टन जीनियस विवेक को प्रमाण-पात्र एवं एपॉलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया| मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसरों का निरंतर विस्तार कर रही है| विमानन क्षेत्र देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में से एक है और प्रशिक्षित पायलटों की मांग लगातार बढ़ रही है| ऐसे समय में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट राज्य के युवाओं को कम लागत पर विश्वस्तरीय उड़ान प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट करियर के अवसर प्रदान कर रहा है|
बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट, बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग के अधीन संचालित पूर्वी भारत के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित विमानन प्रशिक्षण संस्थानों में से एक है, इसकी स्थापना वर्ष 1940 में बिहार फ्लाइंग क्लब के रूप में की गई थी| लगभग आठ दशकों से अधिक समय से यह संस्थान देश के विमानन क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित पायलट तैयार करता रहा है तथा अनेक प्रशिक्षु आज विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों तथा विमानन संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं| संस्थान का प्रमुख उद्देश्य बिहार सहित देश के इच्छुक युवाओं को अत्यंत रियायती शुल्क पर उच्च गुणवत्ता का उड़ान प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है| जिससे आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्राप्त हो सके| इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, लोकेश कुमार सिंह, निलेश रामचंद्र देवरे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment