पटना : राज्य के बंद पड़े चीनी मिलों के पुनरुद्धार, गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान तथा चीनी उद्योग के समग्र विकास को लेकर 28 जुलाई, 2026 को स्थानीय विकास भवन स्थित गन्ना उद्योग विभाग के सभाकक्ष में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई| बैठक की अध्यक्षता गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने की| इस अवसर पर विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह एवं ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने राज्य में बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार, प्रस्तावित नई चीनी मिलों की स्थापना, गन्ना किसानों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, गन्ना क्षेत्र विस्तार कार्यक्रमों तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी विभागीय पहलों की विस्तृत जानकारी जन प्रतिनिधियों को दी| उन्होंने बताया कि विभाग गन्ना उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के प्रसार तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है|
बैठक के दौरान विधानसभा में उठाए गए सासामुसा चीनी मिल से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई| बरौली के विधायक मंजीत कुमार सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने सासामुसा चीनी मिल की नीलामी प्रक्रिया से संबंधी प्रश्न, चीनी मिलों में होने वाले प्रदुषण-जल जमाव संबंधी समस्याओं का समाधान तथा गन्ना फसल सहायता संबंधी प्रश्न उठाए|
साथ ही बैठक में विधायकगण ने राज्य की बंद सभी चीनी मिलों के पुनः परिचालन, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, किसानों के हितों की प्रभावी सुरक्षा, गन्ना किसान पहचान पत्र (कार्ड) उपलब्ध कराने, नि:शुल्क बीज प्राप्त किसानों की सूची सार्वजनिक करने, चीनी मिलों की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, बिहार से उत्तर प्रदेश जाने वाले गन्ने पर प्रभावी रोक लगाने, अन्य राज्यों की तर्ज पर गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने, ईख अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा गन्ना मूल्य निर्धारण प्रक्रिया में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं|मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई प्रत्येक समस्या सरकार के लिए महत्वपूर्ण है| उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी| उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है| इससे गन्ना किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी|बैठक में बरौली के विधायक सर्व श्री मंजीत कुमार सिंह,रीगा विधायक वैद्यनाथ प्रसाद, मधुबनी विधायक माधव आनंद, धौरैया (बांका) विधायक मनीष कुमार, रुन्नी सैदपुर विधायक पंकज कुमार मिश्र, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, मोईनुद्दीन नगर विधायक राजेश कुमार सिंह, गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी एवं लौरिया के विधायक विनय बिहारी उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!