पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 अगस्त तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सर्वेक्षण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए| उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें|
सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अरवल, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय एवं शिवहर जिलों में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई| बैठक में भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत,विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे|
समीक्षा के दौरान सचिव ने सभी संबंधित जिलों के बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक सर्वेक्षण कार्य से जुड़े सभी लंबित चरणों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि 15 अगस्त तक सर्वेक्षण कार्य के समापन का लक्ष्य समयबद्ध ढंग से प्राप्त किया जा सके|
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कार्यों की प्रतिदिन निगरानी की जाए, फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा किसी भी कारण से कार्य की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए| उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन या कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी|
सचिव श्री सिंह ने कहा कि बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम राज्य की भूमि व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और विवाद मुक्त बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है| इसलिए सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित करें|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!