रांची: झारखंड के पेयजल एवं स्वछता मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो राज्य में चल रही जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति का मुआयना करने के लिए जल्द ही संथाल परगना और पलामू प्रमंडल का दौरा करेंगे| मंत्री योगेंद्र महतो 24 और 25 सितंबर को दो दिवसीय संथाल परगना के दौरे पर रहेंगे| इस महत्वपूर्ण दौरे के बाद वे 5 और 6 अक्टूबर को पलामू के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे|
संथाल परगना के छह जिलों में योजनाओं का निरीक्षण करेंगे:
अपने संथाल परगना दौरे के क्रम में मंत्री इस क्षेत्र के विभिन्न जिलों दुमका, देवघर, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में संचालित पेयजल और स्वच्छता योजनाओं का सघन निरीक्षण करेंगे| इस दौरे को लेकर दुमका सहित अन्य जिलों में विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें बुलाई गई हैं| इन बैठकों में अधिकारियों के साथ-साथ ठेकेदारों को भी विशेष रूप से तलब किया गया है|
हर घर नल जल योजना की होगी समीक्षा:
बैठक के दौरान मुख्य रूप से महत्वाकांक्षी हर घर नल जल योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी| मंत्री यह जानेंगे कि योजना के क्रियान्वयन में क्या कठिनाइयां आ रही हैं और ये बाधाएं किस स्तर पर उत्पन्न हो रही हैं, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके| संथाल परगना क्षेत्र में अधूरी और धीमी गति से चल रही जलापूर्ति योजनाओं को लेकर मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कड़ा रुख अपनाया है| उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं| विभागीय मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जनहित के इन कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और काम में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!