पटना: राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर 26 एवं 27 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में शामिल होने के लिए बिहार पुलिस के जांबाज जवान भी जा रहे हैं| यह रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात के एकतानगर स्थित गंतव्य स्थान पर एकत्र होगी| इसमें शरीक होने के लिए बिहार पुलिस के 10 जांबाज चालक शामिल हुए हैं| बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप)-5 के डीएसपी मेराज हुसैन के नेतृत्व में बीसैप-1 के 10 राइडर 6 मोटरसाइकिल पर सवार होकर रवाना हुए| मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को झंडा दिखाकर इस जत्थे को रवाना किया| इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव,डीजीपी श्रीमती प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, बीसैप के डीजी जितेंद्र कुमार, निगरानी ब्यूरो के डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार, विशेष शाखा के डीजी कुंदन कृष्णन, प्रशिक्षण महानिदेशक निर्मल कुमार आजाद समेत अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे|
देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के मौके पर नशे के खिलाफ लड़ाई विषय पर राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है| इस अभियान का उदेश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है| इस रैली के दौरान रास्ते में पड़ने वाले चिन्हित स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर नशे के खिलाफ लड़ाई के विषय पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा| छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिकों के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा| इस राष्ट्रीय रैली का आयोजन और समन्वय के लिए सीआरपीएफ को नोडल एजेंसी बनाया गया है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!