पटना: बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए बिहार सरकार व्यापक चार्जिंग नेटवर्क तैयार कर रही है| इसमें ई-बसों से लेकर निजी दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए फास्ट चार्जिंग स्टेशन शामिल हैं| परिवहन विभाग के अनुसार, पूर्णिया जिले में चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा हो चुका है,वहीं पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और गया जी जिले में निमाण कार्य चल रहा है| प्रत्येक डिपो में 50 बसों की क्षमता के लिए 8-8 चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा रहे हैं, जिससे एक बस मात्र एक से डेढ़ घंटे में चार्ज हो सकेगी|पटना के फुलवारीशरीफ, राजगीर और मुजफ्फरपुर के बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन पहले से ही कार्यरत हैं|
एक घंटे में चार्ज होगी ईवी कार:
निजी वाहनों के लिए पटना के 10 प्रमुख सरकारी परिसरों में फास्ट डीसी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं| इनमें मुख्य सचिवालय, बिहार विधानसभा, समाहरणालय, विश्वेश्वरैया भवन, विकास भवन, सिंचाई भवन, मल्टी मॉडल हब कंकड़बाग, बेउर मोड़ और हार्डिंग रोड शामिल हैं| परिवहन विभाग और आईओसीएल के बीच एमओयू के तहत बन रहे ये स्टेशन 45 से 60 मिनट में कार को चार्ज करने में सक्षम होंगे, इनमें टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर की चार्जिंग की भी व्यवस्था होगी| सरकारी परिसरों में लगने के बावजूद इन स्टेशनों का इस्तेमाल आम नागरिकों के लिए उपलब्ध होगा|
चार्जिंग स्टेशन लगाने पर सरकार दे रही अनुदान:
बिहार ईवी नीति 2026 के तहत पब्लिक चार्जिंग स्टेशन लगाने पर मशीनरी और उपकरण की लागत का 25 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है| ये स्टेशन सरकारी भवन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, अस्पताल, शॉपिंग मॉल,मल्टीप्लेक्स, आवासीय अपार्टमेंट एवं हाउसिंग सोसाइटी (जहां 5 से अधिक परिवार रहते हैं), पेट्रोल पंप, हाईवे पर ढाबा-रेस्टोरेंट,बस स्टैंड और पार्किंग स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!