Home बिहारदीपावली तक पूरी होंगी शिक्षा विभाग की योजनाएं: अभिषेक पलासिया

दीपावली तक पूरी होंगी शिक्षा विभाग की योजनाएं: अभिषेक पलासिया

by Munna Pathak

पटना: बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बीएसईआईडीसी) के माध्यम से संचालित समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) और पीएमश्री योजना की समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों को लेकर निगम के प्रबंध निदेशक अभिषेक पलासिया ने सख्त रुख अपनाया| गुरुवार को स्थानीय अधिवेशन भवन में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए| कार्यों में किसी भी तरह की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी| बैठक को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार की सहयोग महत्वपूर्ण है| समग्र शिक्षा अभियान और पीएमश्री योजना के तहत राज्य में करीब दो हजार करोड़ रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं| ऐसे में सभी आवंटित कार्यों को शीघ्र शुरू कर समय पर पूरा करना जरूरी है| उन्होंने पहले से संचालित सभी योजनाओं को दीपावली तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया|

2352 लंबित योजनाओं को नौ नवंबर तक पूरा करने का निर्देश:
समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 की लंबित कुल 2352 योजनाओं को अगले माह की नौ तारीख तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया| वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में समग्र शिक्षा अभियान और पीएमश्री योजना के तहत चयनित 3339 योजनाएं, जिनका काम अब तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें 26 अक्टूबर तक प्रारंभ करने को कहा गया| इन योजनाओं को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना होगा|

553.24 करोड़ रुपये खर्च कर पूरी होंगी 5726 योजनाएं:
बैठक में योजनाओं की प्रगति और खर्च की भी समीक्षा की गई| इसमें सामने आया कि पिछले एक माह के दौरान लक्ष्य के विरुद्ध 44.78 करोड़ रुपये खर्च कर योजनाएं पूरी की गई हैं| शेष 553.24 करोड़ रुपये के लक्ष्य के तहत अक्टूबर तक 150.10 करोड़, नवंबर और दिसंबर में 283.49 करोड़ तथा मार्च 2027 तक 118.49 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है|इस राशि से कुल 5726 योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है|

लापरवाही करने वाले अधिकारियों और संवेदकों पर होगी कार्रवाई:
योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए संवेदकों से स्वघोषणा पत्र भी लिया गया है| प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि तय समय-सीमा के अनुसार कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध एकरारनामा की शर्तों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी| उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया| बैठक में निगम के मुख्य अभियंता ललित कुमार, परामर्शी सह अधीक्षण अभियंता सत्येंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार मंडल, अधीक्षण अभियंता अरूण कुमार सहित मुख्यालय और क्षेत्रीय अभियंताओं के साथ निगम से जुड़े सभी संवेदक उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment