बक्सर: ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने स्थानीय सर्किट हाउस में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की| ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने बक्सर मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। आवास योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उन्होंने भूमिहीन आवास के लाभुकों को अतिशीघ्र भूमि उपलब्ध कराने एवं मनरेगा की मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए| बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य को अतिशीघ्र पूरा कराने, सर्वेक्षण सूची से वंचित लाभुकों को चयन सूची में शामिल करने, वीबी-जी राम जी योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र भवन एवं ग्रामीण हाट भवन निर्माण में तेजी लाने, पौधरोपण अभियानों को बढ़ावा देने और वन-पोषकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए|
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने बक्सर के सभी अक्रियाशील (नॉन फंक्शनल) सामुदायिक शौचालयों को तुरंत चालू कर उनकी उपयोगिता सुनिश्चित करने, जीविका समूहों से तैयार उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और बिक्री के लिए स्थानीय एवं सुलभ बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया| उन्होंने कहा कि सोशल ऑडिट से जुड़े सभी लंबित मामलों एवं शिकायतों का निष्पादन एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करें| विभागीय अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि जिले में 41552 लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 48,973 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं| प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25, 2025-26 के लिए तय लक्ष्य 16,147 के सापेक्ष 15,646 आवास स्वीकृत किए गए हैं| इनमें से 9,458 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र भवन के लिए प्राप्त लक्ष्य 126 के सापेक्ष 36 स्थानों पर कार्य शुरू किया गया, जिसमें से 28 स्थानों पर कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं| शेष 8 आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है|
विभागीय अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि बक्सर में तीन स्थानों पर ग्रामीण हाट बनाने के लिए जगह चिन्हित किया गया था जिसमें से एक स्थान को निर्माण योग्य पाया गया, चयनित स्थान पर हाट बनाने का कार्य चल रहा है| दूसरी ओर, जिले को पौधरोपण के लिए प्राप्त 3,26400 लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 2,94,400 पौधे लगाए जा चुके हैं| बैठक में राजपुर एवं डुमरांव विधानसभा के विधायक, उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छबि, निदेशक (डीआरडीए) अरविंद, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!