झारखंड: सिमडेगा जिला समय के साथ बदलाव को अग्रसर होते जा रहा है, यहां तकनीक बदलने के साथ ही सरकारी कार्यालयों में कार्य करने का तरीका भी बदलता हुआ नजर आने लगा है| सिमडेगा की प्रशासनिक व्यवस्था ने भी इसी बदलते दौर के साथ कदमताल शुरू कर दी है| जिले में पहली बार जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ताकत से रूबरू कराया गया| 10 और 11 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय AI कार्यशाला में अफसरों और कर्मियों ने जाना कि जिस तकनीक को अब तक आमतौर पर मोबाइल, कंप्यूटर और बड़ी-बड़ी कंपनियों से जोड़कर देखा जाता था, वही तकनीक सरकारी दफ्तरों के रोजमर्रा के काम को भी आसान बना सकती है|
जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के लिये AI प्रशिक्षण आयोजित करने वाला सिमडेगा राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है| जिला प्रशासन की यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब झारखंड सरकार नई तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है| सिमडेगा की उपायुक्त (DC) कंचन सिंह ने कहा कि CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार नई तकनीकों और AI के उपयोग को लेकर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है| सिमडेगा प्रशासन की यह पहल उसी सोच को जमीन पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है| उन्होंने कहा कि सिमडेगा विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों के माध्यम से लगातार आगे बढ़ रहा है| ऐसे में AI जैसी नई तकनीक प्रशासनिक कामकाज को तेज, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है| DC ने कहा कि AI की मदद से पदाधिकारी कम समय में अधिक प्रभावी तरीके से अपने कार्यों का निष्पादन कर सकेंगे| इससे सरकारी प्रक्रियाओं को सरल और सुगम बनाने के साथ-साथ आम लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ ज्यादा प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी| जिला प्रशासन का लक्ष्य तकनीक के सहारे प्रशासन को और अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाना है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!