झारखंड: साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र स्थित दुर्गापुर के सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है| आवासीय स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के ही नाइट गार्ड साहेबराम लोहरा पर कई बार दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का गंभीर आरोप है| इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नाइट गार्ड और मामले को दबाने की कोशिश करने वाले स्कूल के निदेशक जाफर शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है|
पेट दर्द के बाद हुआ खुलासा:
पीड़ित परिवार के अनुसार, छात्रा स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी| आरोपी नाइट गार्ड साहेबराम लोहरा ने उसे डरा-धमकाकर सात से आठ बार दुष्कर्म किया| आरोपी ने बच्ची को किसी से भी इस बारे में बात करने पर जान से मारने की धमकी दे रखी|थी, जिसके कारण खौफजदा छात्रा ने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया| हाल ही में जब अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ी और पेट में तेज दर्द हुआ, तब परिजन उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए| मेडिकल जांच में जब डॉक्टर ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की, तो परिजनों के होश उड़ गए, इसके बाद पीड़िता ने रोते हुए आपबीती अपने परिवार को बताई|
स्कूल निदेशक पर मामला दबाने और धमकी देने का आरोप:
मामले का पता चलते ही जब पीड़ित परिवार स्कूल प्रशासन से शिकायत करने पहुंचा, तो आरोप है कि स्कूल के निदेशक जाफर शेख ने बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की| निदेशक ने परिजनों को मुंह बंद रखने और पुलिस के पास न जाने की हिदायत दी| आरोप है कि चुप न रहने पर परिवार को जान से हाथ धोने की धमकी दी गई|
दोनों आरोपी पहुंचे जेल:
निदेशक की धमकी के बावजूद पीड़ित परिवार ने हिम्मत दिखाते हुए रांगा थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई| 29 सितंबर को शिकायत दर्ज होते ही रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन छापेमारी की|पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नाइट गार्ड साहेबराम लोहरा और मामले को छिपाने व धमकी देने के आरोपी निदेशक जाफर शेख को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!