सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में पुलिस आ रही है इस बात की भनक लगते ही मौके पर लोगों में खलबली मच गई, जिससे अवैध रूप से शराब बेच रही महिलाएं बोतल और सामन वहीँ छोड़कर भाग गईं| यह घटना सिमडेगा शहर का है जहां सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी, शराब की अवैध बिक्री और मजमा जमाने वालों पर पुलिस ने नकेल कसना शुरू कर दिया है| शहर को सुरक्षित बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सिमडेगा थाना की पुलिस और पीसीआर के गश्ती दल ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में अचानक दबिश बढ़ा दी है|
डेली मार्केट से लेकर स्टेडियम तक पुलिस ने मारा छापा
पुलिस की टीमों ने एक साथ डेली मार्केट, कॉलेज टुंगरी के पिछले हिस्से और अल्बर्ट एक्का स्टेडियम के आस-पास के इलाकों को चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली| इन जगहों पर अक्सर अवैध रूप से शराब बेचने और सरे आम नशा करके उपद्रव मचाने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं| जैसे ही पुलिस की गाड़ियां इन इलाकों में पहुंचीं, शराब बेचने और पीने वालों में हड़कंप मच गया| भागने की जल्दी में महिलाएं शराब से भरी बोतलें और केन मौके पर ही छोड़कर भाग गईं| पुलिस कर्मियों ने वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया और नियमों के तहत उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया|
जनता से मदद की अपील
इस पूरी कार्रवाई के बाद सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आस-पास अवैध शराब बनाने, बेचने या नशाखोरी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें| सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके| पुलिस अधिकारियों ने साफ कह दिया है कि शहर के पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!