पटना : बिहार के पर्यटन स्थलों को अब लोग आसमान से भी देख और निहार सकते हैं, अब आसमान से पटना की खूबसूरती को देखने का रोमांचक अवसर सरकार दे रही है| ‘हेली टूरिज्म’ के तहत शुरू किया गया ‘पटना हेली जॉयराइड’ लोगों के बीच लोकप्रिय हकते जा रहा है| अब तक इसकी 476 बुकिंग हो चुकी है, जबकि 360 लोग इस रोमांचक हवाई सफर का आनंद ले चुके हैं| पटना की सड़कों, ऐतिहासिक स्थलों और गंगा की खूबसूरती को आसमान से भी देखने का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं| यह एक अलग तरह का रोमांचक अनुभव है| हेलीकॉप्टर से उड़ान भरते ही पटना का विस्तृत दृश्य सामने आता है और गंगा की धारा के साथ शहर का बदला हुआ स्वरूप पर्यटकों को रोमांचित कर रहा है| ‘हेली जॉयराइड’ खासकर परिवारों, युवाओं और पहली बार हेलीकॉप्टर की सवारी करने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है| कई लोगों के लिए यह सिर्फ एक जॉयराइड नहीं, बल्कि बिहार में पहली बार हवाई पर्यटन का अनुभव लेने का यादगार मौका बन रहा है|
पर्यटन में रोमांच का नया अध्याय
बिहार सरकार पर्यटन को नए अनुभवों से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, इसी कड़ी में हेली टूरिज्म की शुरुआत राज्य में पर्यटन के पारंपरिक स्वरूप से आगे बढ़कर एडवेंचर और एक्सपीरियंस आधारित टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है| पटना हेली जॉयराइड को मिल रहा रिस्पांस बताता है कि पर्यटक अब केवल पर्यटन स्थलों को देखने नहीं, बल्कि उन्हें एक नए अंदाज में महसूस करने के इच्छुक हैं| आसमान से पटना को देखने का यह अनुभव शहर की पर्यटन पहचान को एक नया आयाम दे रहा है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!