पटना/वैशाली: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बिहार के बाढ़ प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का हवाई एवं स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया| मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पटना जिला के मनेर और सारण जिला के दिघवारा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया, इसके पश्चात् वे वैशाली पहुंचे| यहां पर वे राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया एवं सरायपुर गांव में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया तथा फसल क्षति का जायजा लिया| इस दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री दोनों बोट से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया| पानी में डूबे गांव और फसल क्षति का जायजा लिया| इसके पश्चात वे लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर तेरसिया और सरायपुर गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया| वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और उनसे आवेदन पत्र प्राप्त किया| इस दौरान लोगों ने अपनी आप बीती सुनाई| लोगों ने अपनी समस्याएं बताते हुए सड़क ऊंची करने और नयी सड़क बनाने की मांग की, साथ ही बाढ़ से क्षति हुई फसल के मुआवजे की भी मांग की| मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही उसके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया|
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस इलाके में सबसे बड़ी बाढ़ आयी है, इस बार वर्ष 2016 से ज्यादा एक फीट पानी आया था| हमलोगों ने देखा है कि यहां केले और मक्के की फसल पानी में डूबने के कारण खराब हो गयी है, पूरे बिहार में करीब 50 लाख लोगों को बाढ़ के कारण अपने घर छोड़ने पड़े| बाढ़ से फसल और मकान का नुकसान हुआ है, इस इलाके में पशुओं का भी नुकसान हुआ है| मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता को राहत देने के काम में जुटी हुई है| राज्य सरकार ने अभी प्रति परिवार 7 हजार रुपये की राशि तत्काल सहायता के रुप देना शुरु किया है, बाढ़ की महाविनाश की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्र सरकार की तरफ से मैं भी आया हूं| आज मुख्यमंत्री के साथ अलग-अलग जिलों में बाढ़ की स्थिति का जायजा ले रहे हैं,जनता से भी बातचीत कर उनकी परेशानी को समझ रहे हैं| खेतों में जाकर फसल के नुकसान का आकलन कर रहे हैं| भारत सरकार की कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने आयी हुई है| केंद्र सरकार की तरफ से बिहार की जनता जनार्दन को आश्वस्त करता हूं कि इस संकट से निकालने में राज्य सरकार के साथ हमलोग खड़े रहेंगे, बिहार की हरसभंव सहायता करेंगे| एक और केंद्रीय दल आयेगा जो क्षति का आकलन करेगा| अभी राज्य सरकार अपने संसाधन से बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है| सड़क, फसल और मकानों का नुकसान हुआ है, नुकसान को देखते हुए केंद्र सरकार भी हर संभव सहायता करेगी|
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सुविधाएं, परिवहन के लिए नाव का परिचालन और अन्य जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है| निरीक्षण के दौरान विधायक अवधेश सिंह,पूर्व विधायक सतीश कुमार,अन्य जन-प्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह,जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!