Home बिहारअगुवानी घाट पुल चालु होने से खगड़िया और भागलपुर की दुरी होगी कम

अगुवानी घाट पुल चालु होने से खगड़िया और भागलपुर की दुरी होगी कम

by Munna Pathak

खगड़िया: बिहार के बुनियादी ढांचे में एक और ऐतिहासिक मिल का पत्थर जुड़ने जा रहा है| खगड़िया और भागलपुर को आपस में जोड़ने वाली इस महत्वाकांक्षी अगुवानी घाट पुल परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है| पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल का इस संबंध में कहना है कि इस महासेतु और इसके एप्रोच पथ के निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण कर लिया जाएगा| इसके निर्माण से खगड़िया, भागलपुर (सुल्तानगंज), मंगौना, अगुवानी, परबत्ता, महेशखूंट, बेगूसराय, मुंगेर और सहरसा सहित पूरे कोसी और अंग क्षेत्र के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा|
खगड़िया और भागलपुर को जोड़ते हुए गंगा नदी पर बनाए जा रहे आरसीसी हाई लेवल ब्रिज की कुल लंबाई 3.160 किलोमीटर और चौड़ाई दो लेन में 8.5 मीटर है| कुल 1710 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस पुल में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों तरफ से 1.5-1.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ भी शामिल है| इस महत्वाकांक्षी पुल को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए सुल्तानगंज की ओर 4 और अगुवानी की ओर 16 किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक एप्रोच रोड (पहुंच पथ) का निर्माण किया जा रहा है|
सचिव का कहना है कि परियोजना के तहत अलग-अलग कार्य 70-98 फीसदी तक पूरा किए जा चुके हैं, बाकी कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा| उन्होंने बताया कि अगुवानी घाट पुल उत्तर बिहार (खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा) और दक्षिणी बिहार (भागलपुर, बांका, जमुई) के बीच आवागमन का सबसे प्रमुख और सुगम माध्यम बनेगा| वर्तमान में खगड़िया से सुल्तानगंज या भागलपुर जाने के लिए लोगों को मुंगेर पुल या विक्रमशिला सेतु (भागलपुर) होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, इससे घंटों समय बर्बाद होता है| अगुवानी घाट पुल के बनते ही यह दूरी महज कुछ मिनटों में तय होगी, साथ ही अगुवानी और सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पार करने के लिए स्थानीय लोग और श्रद्धालों के लिए नावों की निर्भरता हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment