मुजफ्फरपुर: आयुक्त तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में बिहार विधान परिषद् के तिरहुत स्नातक/शिक्षक निर्वाचन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी| इस बैठक में निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की गयी तथा अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया| प्रमंडलीय आयुक्त ने इस बैठक में कहा कि सितंबर 2026 में स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ होना संभावित है| आयुक्त ने कहा कि प्रक्रिया प्रारंभ होने के पूर्व प्रकाशित निर्वाचक सूचि के संबंध में सतत प्रक्रिया के तहत प्रावधानों एवं निर्वाचन विभाग से प्राप्त निदेश के आलोक में कार्रवाई किया जाना आवश्यक है| प्रमंडलीय आयुक्त-सह- निर्वाची पदाधिकारी ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली के जिला पदाधिकारियों, जो इस निर्वाचन के सहायक निर्वाची पदाधिकारी भी हैं, को निदेश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन करते हुए निर्वाचन की समुचित तैयारी सुनिश्चित करें| उन्होंने अधिकारियों को निदेश दिया कि सतत प्रक्रिया के तहत स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची हेतु विभिन्न प्रपत्रों में प्राप्त आवेदनों की मतदान केन्द्रवार समीक्षा करें तथा इससे संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध करायें| सतत प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों का ईआरएमएस पोर्टल पर डिजिटलीकरण एवं निष्पादन हेतु सभी प्रारंभिक तैयारी पूर्ण करना सुनिश्चित करें| आयुक्त ने अधिकारियों को आदेश दिया कि मतदाता सूची के संबंध में जो भी परिवाद प्राप्त हुआ है उसका विधिवत जाॅच कर निष्पादन करें| उन्होंने निदेश दिया कि निर्वाचन के हर पहलू यथा नामांकन, मतदान, मतगणना इत्यादि के बारे में सभी संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रशिक्षण दें ताकि निर्वाचन आयोग के निदेशों का त्रुटिहीन ढ़ंग से सम्यक अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके| इस बैठक में आयुक्त के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, सभी सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी एवं कर्मिगण उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!