सुपौल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत चैनपुर ग्राम में निर्माणाधीन कोसी-मेची अंतः राज्यीय रिवर लिंक परियोजना स्थल का निरीक्षण किया| इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति तथा कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को परियोजना का निर्माण कार्य तय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया| स्थल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री चैनपुर ग्राम स्थित परियोजना के कैम्प कार्यालय पहुंचकर वहां परियोजना की समीक्षा की| जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने परियोजना की कार्य प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया| सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति एवं विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी| मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसी-मेची अंतःराज्यीय रिवर लिंक परियोजना सीमांचल और बिहार के लिए एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण परियोजना है| इसके पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, किसानों की कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और उनकी समृद्धि को नई गति मिलेगी| परियोजना के पूर्ण होने पर 2,14,813 हेक्टेयर कृषि भूमि को अतिरिक्त एवं सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी| परियोजना के माध्यम से बाढ़ के दौरान कोसी नदी के अधिशेष जल को लिंक नहर के जरिए मेची नदी तक पहुंचाया जाएगा| इससे महानंदा बेसिन में जल की उपलब्धता बढ़ेगी और कोसी के बाढ़ प्रभाव को कम करने तथा जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी| परियोजना से अररिया में 69,642 हेक्टेयर, पूर्णिया में 69,970 हेक्टेयर, किशनगंज में 39,548 हेक्टेयर तथा कटिहार में 35,653 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी| परियोजना के अंतर्गत पूर्वी कोसी मुख्य नहर की जल संवहन क्षमता 15,000 क्यूसेक्स से बढ़ाकर 20,000 क्यूसेक्स की जाएगी| मुख्य नहर के विस्तार के साथ 4 शाखा नहरों, 6 वितरणियों तथा आवश्यक नहर प्रणालियों का निर्माण किया जाएगा| परियोजना के अंतिम छोर पर लगभग 950 क्यूसेक्स जल मेची नदी में प्रवाहित होगा, परियोजना की अनुमानित कुल लागत 6,282.32 करोड़ रूपये है और इसे मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है|
स्थल निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक नीरज कुमार बबलू,रामविलास कामत, श्रीमती देवंती यादव, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!