दरभंगा : रैयाम एवं सकरी चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास, उन्नत तकनीक के उपयोग, बेहतर पैदावार एवं किसानों की समृद्धि के उद्देश्य से आज स्थानीय जिला प्रेक्षागृह लहेरियासराय में एक दिवसीय गन्ना किसान संगोष्ठी सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया| कार्यक्रम का उद्घाटन गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया| कार्यक्रम में गन्ना किसानों को विभागीय योजनाओं के साथ-साथ गन्ने की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई|कार्यशाला के माध्यम से किसानों को गन्ना क्षेत्र विस्तार, गुणवत्तापूर्ण बीज, कृषि यंत्रीकरण, गन्ना नर्सरी, पोषक तत्व प्रबंधन, कीट प्रबंधन एवं प्लांटलेट आधारित खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई गई|अपने संबोधन में मंत्री संजय कुमार ने कहा कि गन्ना बिहार के लाखों किसानों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है| राज्य सरकार का प्रयास है कि गन्ना किसानों को बेहतर तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, बेहतर उत्पादन तथा अपनी फसल के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए|
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने संबोधन में बिहार में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया है, इसी दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है| उन्होंने कहा कि सकरी एवं रैयाम चीनी मिलों के शुरू होने से दरभंगा एवं आसपास के क्षेत्रों के गन्ना किसानों को अपने गन्ने के लिए बेहतर एवं नजदीकी बाजार उपलब्ध होगा|मंत्री ने कहा कि नई चीनी मिलों की स्थापना से गन्ना क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा| सरकार का लक्ष्य गन्ना उत्पादन एवं चीनी उद्योग के विकास को प्रोत्साहित करते हुए बिहार को गन्ना आधारित उद्योग में अग्रणी राज्य बनाना है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!