पटना : राज्य के उपभोक्ताओं को अब जल्द ही पेट्रोल पंपों पर “सुधा” के उत्पाद मिलने लगेंगे| इसकी शुरुआत आज स्थानीय सगुना मोड़ स्थित “इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पेट्रोल पंप “रंजन फ्यूल” से की गयी| इस पेट्रोल पंप के परिसर में नए सुधा पार्लर का शुभारंभ डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव सह कॉम्फेडके प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निदेशक (विपणन) सौमित्र श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया| नव-स्थापित सुधा पार्लर के माध्यम से उपभोक्ताओं को सुधा के दूध, दही, घी, पनीर, मिठाइयां, आइसक्रीम एवं अन्य डेयरी उत्पाद एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध होंगे| यह पहल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय डेयरी उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है| इस पहल से न सिर्फ आम उपभोक्ताओं तक सुधा के उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि इससे राज्य के डेयरी विकास को भी गति मिलेगी|
गौरतलब है कि यह पहल बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में तय हुई थी| राज्य के डेयरी क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (कॉम्फेड), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच बहु आयामी समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया था|
6.50 लाख पशुपालक जुड़े हैं कॉम्फेड से
कॉम्फेड अपने ब्रांड सुधा के नाम से दूध और इसके उत्पादों को बाजार में बेचकर किसानों को उचित मूल्य दिलाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं की जरूरतों को भी पूरा कर रहा है| इसका महत्त्व इस बात से समझा जा सकता है कि कॉम्फेड बिहार के डेयरी किसानों को सालाना करीब 3 हजार करोड़ रुपये का भुगतान कर रहा है| वहीं, आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कॉम्फेड से जुड़े पशु पालकों की संख्या करीब 6.50 लाख है, जिनमें 2.39 लाख महिलाएं हैं| यदि कॉम्फेड के इन प्रयासों से राज्य में सुधा के उत्पादों की बिक्री बढ़ती है, तो इसका लाभ पशुपालकों को मिलेगा|
7 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार दे रहा कॉम्फेड
कॉम्फेड करीब 14 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 7 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार देने का काम कर रहा है| कॉम्फेड का लक्ष्य है कि आने वाले 5 वर्षों में यह संख्या बढ़ाकर 24 हजार प्रत्यक्ष और 21 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार तक पहुंचाई जाए| पेट्रोल पंपों पर सुधा मिल्क पार्लर बढ़ाने से इस लक्ष्य को आसानी से पूरा किया जा सकता है|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!