पटना : कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि तथा फसल कटाई के बाद होने वाली क्षति को न्यूनतम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा सोलर क्रॉप ड्रायर योजना प्रारम्भ की गई है| इस योजना के तहत किसानों को आधुनिक पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा कुशल तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी| जिससे किसानों की उपज की गुणवत्ता सुरक्षित तथा बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी|कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत 100 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर क्रॉप ड्रायर की स्थापना पर अधिकतम 1.40 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा| इस उपकरण की अनुमानित लागत 3.50 लाख रुपये है, सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण इसके संचालन में किसानों को बिजली अथवा ईंधन पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा|मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सोलर क्रॉप ड्रायर योजना राज्य में फसल कटाई उपरांत होने वाली क्षति को कम करने, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी|उन्होंने कहा कि पारंपरिक रूप से खुले में फसल सुखाने की तुलना में सोलर क्रॉप ड्रायर अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी है| इसमें फसल धूल, नमी तथा कीटों से सुरक्षित रहती है, जिससे उसका प्राकृतिक रंग, स्वाद एवं सुगंध बरकरार रहता है| इसके माध्यम से किसान अपनी उपज को सुखाकर अथवा प्रसंस्कृत कर अधिक समय तक सुरक्षित रख सकते हैं तथा बाजार में अनुकूल मूल्य मिलने पर बिक्री कर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं|श्री सिन्हा ने किसानों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इच्छुक किसान उद्यान निदेशालय के आधिकारिक पोर्टल horticulture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं| आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा डीबीटी किसान पंजीकरण संख्या अनिवार्य होगी|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!