पटना : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में स्थानीय होटल में 16वें वित्त आयोग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई|इस बैठक में राज्य के सभी उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी शामिल हुए|
इस अवर पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए सभी पदाधिकारियों में ढृढ़ इच्छाशक्ति होना चाहिए| मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, उत्तरदायी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने कहा| उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन ही सही मायने में ग्रामीण भारत का विकास सुनिश्चित करेगा|
बैठक में मंत्री ने सभी जिलों के डीडीसी और डीपीआरओ की कार्यशैली की सराहना की| उन्होंने कहा कि विगत छह महीनों में विभाग ने 28 हजार करोड़ रुपये के उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) जमा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है| उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा, गुणवत्ता नियंत्रण और योजनाओं को जल्द पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा|
मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल की समीक्षा करते हुए दीपक प्रकाश ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में आने वाले सभी मामलों का समाधान पंचायत स्तर पर ही पहले से सुनिश्चित कर लिया जाए|
मंत्री ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण, हस्तांतरण और क्रियाशील बनाने के लिए जिलों को तेजी से काम करने कहा है, साथ ही गुणवत्ताहीन कार्य करने वाली एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने का भी निर्देश दिया|
विभागीय सचिव मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइट लगाने वाली एजेंसियों को लाइट अधिष्ठापित करने के बाद ससमय भुगतान सुनिश्चित किया जाए| उन्होंने कहा कि यदि एजेंसी लगातार लापरवाही बरत रही है तो उन पर पेनाल्टी लगाई जाए|
सचिव ने कहा कि 15 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं में निविदा प्रकाशित किए बिना कार्य कराए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी| सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में व्यय एक प्रतिशत से भी कम है, वहां के पंचायत सचिव एवं मुखिया के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए| उन्होंने छह जर्जर पंचायत सरकार भवनों के मामलों में संबंधित जिला पंचायत राज पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, साथ ही डीडीसी को विभाग के कार्यों की जवाबदेही लेने का निर्देश दिया| बैठक में विभाग के निदेशक नवीन कुमार, अपर सचिव आदित्य प्रकाश, संयुक्त सचिव वासिम अहमद सहित विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!