पटना: बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में भवन निर्माण विभाग की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के साथ उच्चस्तरीय बैठक की| बैठक में वीरचंद पटेल पथ स्थित विधायक आवासीय परिसर में मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता, आवास आवंटन तथा बिहार विधान सभा संग्रहालय के निर्माण की प्रगति सहित अन्य संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई|अध्यक्ष ने विधायक आवासीय परिसर में सदस्यों को हो रही समस्याओं तथा मूल-भूत सुविधाओं की कमी से मंत्री को अवगत कराया| बैठक में तीन या अधिक बार निर्वाचित सदस्यों के अनुरोध पर नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर से बाहर आवास आवंटित करने तथा विधान सभा के सचेतकों को परिसर से बाहर आवास उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया| मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने आश्वस्त किया कि विधायक आवासीय परिसर की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी|
बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने जानकारी दी कि विधान सभा के सचेतकों को विधायक आवासीय परिसर से बाहर आवास आवंटित करने की कार्रवाई शीघ्र की जाएगी| तीन या अधिक बार निर्वाचित सदस्यों के अनुरोध पर परिसर से बाहर आवास आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है, इस क्रम में कई सदस्यों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं|उन्होंने बताया कि आवासीय परिसर में अनधिकृत रूप से रह रहे पूर्व सदस्यों से आवास खाली कराने तथा निर्धारित दंडात्मक किराये की वसूली की कार्रवाई की जा रही है| परिसर के फेज-1 एवं फेज-2 में कॉम्फेड और वेजफेड की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि फेज-3 में भी ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी| बिहार विधान सभा पूल के आवासों की समयबद्ध मरम्मत तथा आवासों के भीतर एवं आसपास उगे पौधों की योजनाबद्ध छंटाई भी शीघ्र कराई जाएगी|
संग्रहालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा के दौरान नई दिल्ली के अध्ययन दौरे पर गई भवन निर्माण विभाग एवं सभा सचिवालय की संयुक्त टीम ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की| टीम ने संसद भवन एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय के भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर निर्माणाधीन बिहार विधान सभा संग्रहालय के डिजाइन में कुछ बदलाव किए हैं|इस संबंध में दिए गए प्रस्तुतीकरण के दौरान अध्यक्ष ने डिजाइन में किए गए बदलावों पर अपने सुझाव दिए| बैठक में विधायक आवासीय परिसर की साफ-सफाई एवं रखरखाव के लिए चयनित एजेंसी के कार्यों की भी समीक्षा की गई| विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण शीघ्र सभा सचिवालय को उपलब्ध करा दिया जाएगा| बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, सभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!