Home बिहारसेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाया जाएगा: सम्राट

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मनाया जाएगा: सम्राट

by Munna Pathak

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ तताहा बिहार में 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई| बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों से संबंधित प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी| उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 13 महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे| इसमें ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को बिहार के सभी जिलों, अनुमंडलों, प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा,इसमें अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी| ‘सेवा क्षेत्र’ कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में सात दिनों तक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी| ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर संगीत एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं किए गए विकास कार्यों से देश में आए बदलाव की जानकारी लोगों को दी जाएगी| ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा| इसके तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिनों तक कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित करने के साथ-साथ बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी|

‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत 25 लाख लोगों के अनुभवों को रिल्स एवं वीडियो के माध्यम से साझा किया जाएगा| इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों से बिहार एवं लोगों के जीवन में आए बदलाव को प्रदर्शित किया जाएगा| ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत सेवा ज्योति एवं मशाल जलाकर यात्रा निकाली जाएगी| इसके माध्यम से पिछले 25 वर्षों में किए गए सेवा कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया जाएगा तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया जाएगा| ‘वडनगर से वाराणसी’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी| इसके तहत बाइक सवार टोलियां वडनगर से काशी पहुंचेंगी और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगी| इसके बाद वाराणसी से गंगाजल लेकर बाइक सवार टोलियां वडनगर लौटेंगी| ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी| ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत 6 अक्टूबर को पूरे बिहार में प्रखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे| इन शिविरों में पूर्व से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा|

साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे| ‘सेवा के रंग-रंगोली’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय रंग एवं शैली के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित रंगोली एवं भारत मंडला तैयार किए जाएंगे।|इसमें फूल, मिट्टी, रेत, चावल, पत्ते एवं प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाएगा| इसके अतिरिक्त ‘हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ तथा ‘25 साल की 25 कहानियां-राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे|
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री के समक्ष 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया|
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो स्थानों पर व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाए| उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 13 थीम पर आधारित है और इसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं| सभी मंत्री एवं अधिकारी इन कार्यक्रमों की विशेष रूप से तैयारी करें| बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, अन्य मंत्रीगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment