Home बिहारबिहार में पशु चिकित्सकों का पंजीकरण सेवा हुई ऑनलाइन

बिहार में पशु चिकित्सकों का पंजीकरण सेवा हुई ऑनलाइन

by Munna Pathak

पटना : बिहार के पशु चिकित्सकों के लिए बड़ी पहल की शुरुआत की गयी है| बिहार पशु चिकित्सा परिषद् ने 21 अगस्त 2026 से पंजीकरण नवीकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है| बिहार पशु चिकित्सा परिषद् के रजिष्ट्रार डॉ. अरविन्द कुमार और परिषद् के अध्यक्ष डॉ. ओमकार नाथ दिवाकर ने इस ऑनलाइन सेवा का शुभारंभ किया| इस व्यवस्था से राज्य के विभिन्न जिलों, विशेषकर दूर-दराज एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्यरत पशु चिकित्सकों को पंजीकरण नवीनीकरण के लिए पटना आने की आवश्यकता से बड़ी राहत मिलेगी| पशु चिकित्सा विज्ञान में निर्धारित डिग्री प्राप्त करने के उपरांत राज्य में पशु चिकित्सा व्यवसाय करने तथा सरकारी सेवा में पशु चिकित्सक के रूप में कार्य करने के लिए बिहार पशु चिकित्सा परिषद में पंजीकरण आवश्यक है| पंजीकृत पशु चिकित्सकों को प्रत्येक पांच वर्षों में अपने पंजीकरण का नवीनीकरण कराना होता है| निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदन करने पर नियमानुसार विलंब शुल्क भी देय होता है अब तक पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया के लिए पशु चिकित्सकों को पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना परिसर में अवस्थित बिहार पशु चिकित्सा परिषद के कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती थीं|

राज्य के दूरस्थ जिलों में पदस्थापित पशु चिकित्सकों के लिए केवल नवीनीकरण के उद्देश्य से पटना आना समय और संसाधन दोनों की दृष्टि से कठिन था| क्षेत्रीय एवं विभागीय दायित्वों तथा दूरी के कारण कई पशु चिकित्सक निर्धारित अवधि में नवीनीकरण नहीं करा पाते थे, जिसके कारण उन्हें विलंब शुल्क भी देना पड़ता था| पशु चिकित्सकों की इस व्यावहारिक समस्या के समाधान तथा परिषद की सेवाओं को डिजिटल बनाने के उद्देश्य से बिहार पशु चिकित्सक संघ वर्ष 2022 से ही पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के लिए प्रयासरत था| नई व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि पंजीकृत पशु चिकित्सकों को उनके पंजीकरण के नवीनीकरण की निर्धारित अवधि के संबंध में एसएमएस के माध्यम से पांच बार रिमाइंडर भेजे जाएंगे| इससे पशु चिकित्सकों को नवीनीकरण की अंतिम तिथि की समय रहते जानकारी मिल सकेगी तथा विलंब के कारण अतिरिक्त शुल्कसे बच सकेंगे| अब पशु चिकित्सक घर बैठे विभाग के अधिकारिक पोर्टल bihar veterinary council के माध्यम से अपना रजिष्ट्रेशन कर सकते हैं|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment