पटना : राज्य में स्थापित होने वाली नई चीनी मिलों को देखते हुए बिहार के 7490 एकड़ नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती का विस्तार किया जाएगा| इसके लिए बिहार सरकार ने राज्य योजना अंतर्गत कृषि रोड मैप के तहत “नये क्षेत्रों में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यकरण” के कार्यान्वयन के लिए 14.90 करोड़ रूपये स्वीकृत किया है| ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने बिहार में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बंद चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के साथ ही नई चीनी मिलें लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है| इसको लेकर “नये क्षेत्रों में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम” शुरू किया गया है, ताकि राज्य में गन्ने की खेती का क्षेत्र विस्तार होने के साथ ही किसानों की आय में वृद्धि हो सके और नई एवं कार्यरत चीनी मिलों के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ना की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके| इसके लिए सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14.90 करोड़ की राशि स्वीकृत की है| गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार इस योजना के तहत राज्य में कुल 7,490 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्रों में गन्ने की खेती को विस्तार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है|इसके लिए किसानों को प्रोत्साहन एवं आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी| इस योजना के कार्यान्वयन में सहायक निदेशक, ईख विकास की महत्वपूर्ण भूमिका होगी|
ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों द्वारा केन केयर पोर्टल (ccs.bihar.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा| उसके बाद गन्ना उद्योग विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर योजना का धरातलीय क्रियान्वयन किया जाएगा|
योजना के लाभ
गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के तहत किसानों को निःशुल्क गुणवत्ता युक्त गन्ना का बीज उपलब्ध कराया जाएगा| इसके अलावा बीज की कटाई, परिवहन, लोडिंग एवं अनलोडिंग का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा| इस योजना का लाभ 0.25 एकड़ से 5 एकड़ तक के गन्ना क्षेत्र के लिए किसानों को दिया जाएगा| गन्ना उद्योग विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे नये क्षेत्रों में गन्ना खेती अपनाकर इस कार्यक्रम का लाभ उठाएं और गन्ना क्षेत्र विस्तार के साथ अपनी आय में वृद्धि करें|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!