पटना : बिहार सरकार ने गन्ना नर्सरी योजना के तहत सिंगल बड प्लांटलेट्स तकनीक से आधुनिक गन्ना नर्सरी लगाने वाले किसानों को लागत का 75 प्रतिशत तक अनुदान अथवा प्रति यूनिट अधिकतम 11 लाख 25 हजार रूपये देने का निर्णय लिया है | इसके लिए किसानों को गन्ना उद्योग विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा| ज्ञात हो कि बिहार सरकार ने राज्य में गन्ना का उत्पादन बढ़ाने और किसानों को रोगमुक्त एवं उन्नत किस्मों के गन्ना पौधे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सिंगल बड प्लांटलेट्स पर आधारित गन्ना नर्सरी स्थापना योजना’ शुरू की है| इसके माध्यम से आधुनिक तकनीक पर आधारित गन्ना पौध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा और किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जाएंगे| इस योजना के तहत स्थापित होने वाली नर्सरी की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5 लाख प्लांटलेट्स निर्धारित की गई है, जिससे राज्य में रोगमुक्त एवं प्रमाणित गन्ना बीज उपलब्ध हो सकें और किसानों को बेहतर गन्ना उत्पादन करने में सहायता मिल सके|गन्ना नर्सरी योजना के तहत चयनित किसानों को परियोजना लागत का 75 फीसदी अनुदान अथवा अधिकतम 11 लाख 25 हजार रुपये तक प्रदान किए जाएंगे| गन्ना उद्योग विभाग द्वारा अनुदान राशि का भुगतान कार्य की प्रगति के आधार पर तीन किस्तों में किया जाएगा| पहली किस्त में 40 फीसदी, दूसरी किस्त में 40 फीसदी और तीसरी किस्त में 20 फीसदी की दर से अनुदान प्रदान किया जाएगा, ताकि परियोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके|इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रगतिशील किसान, कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ), सहकारी समितियां और इच्छुक उद्यमी निर्धारित अवधि के भीतर केन केयर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं| प्राप्त आवेदनों का परीक्षण सहायक निदेशक, ईख विकास की अध्यक्षता में गठित स्क्रीनिंग समिति द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा| इसके पश्चात चयनित गन्ना किसानों को विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की जाएगी|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!