Home झारखंडबांग्लादेशी लड़कियों की तस्करी मामले में ED की कार्रवाई, तिर्की दंपती की संपत्ति जब्त

बांग्लादेशी लड़कियों की तस्करी मामले में ED की कार्रवाई, तिर्की दंपती की संपत्ति जब्त

by Munna Pathak

रांची: झारखंड प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सेक्स रैकेट के लिए बांग्लादेश से लड़कियों को इंडिया लाने और रांची में रखने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है| ईडी ने रांची के आरोपी माइकल जोसफ तिर्की और उसकी पत्नी मोना तिर्की के नाम पर खरीदी गई 3.60 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है| यह पूरा मामला बांग्लादेशी लड़कियों को अवैध रूप से भारत लाकर सेक्स रैकेट में धकेलने से जुड़ा है| इस मामले की शुरुआत तब हुई जब निपाह अख्तर खुशी नाम की एक बांग्लादेशी लड़की बीते तीन जून 2024 को मौका पाकर चंगुल से भाग निकली और पुलिस के पास पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी|पीड़िता की शिकायत के आधार पर रांची के बरियातु थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी| इसके बाद इस गंभीर मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका को देखते हुए ईडी ने वर्ष 2024 में मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू की थी|

अवैध मानव तस्करी का खेल?:
जांच में खुलासा हुआ कि बांग्लादेशी लड़कियों को भारत में अच्छी नौकरी या काम दिलाने का झांसा देकर अवैध तरीके से सीमा पार कराया जाता था| मनीषा नाम की महिला ने झूमा नाम की अन्य महिला की मदद से 31 मई 2024 की आधी रात को जंगल के रास्ते निपाह को अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कराई थी| भारत लाने के बाद निपाह को पहले बाली रिसॉर्ट में दो दिनों तक रखा गया, इसके बाद उसे एक अपार्टमेंट में शिफ्ट किया गया,जहां परवीन और झूमा नाम की दो अन्य बांग्लादेशी लड़कियां पहले से मौजूद थीं|

माइकल तिर्की दंपति की संपत्ति जब्त:
ईडी की जांच में सामने आया कि माइकल जोसफ तिर्की और उसकी पत्नी मोना तिर्की सेक्स रैकेट के लिए रांची लाई जाने वाली इन लड़कियों के रहने और अन्य व्यवस्थाएं करतीं थीं, इस अवैध काम के एवज में उन्हें भारी रकम मिलती थी| दंपति ने इस अवैध कमाई का इस्तेमाल अचल संपत्ति खरीदने में किया था| ईडी ने कागजी रूप से 3.60 करोड़ रुपये मूल्य की इन संपत्तियों को जब्त कर लिया है, जबकि जानकारों के अनुसार इस जब्त संपत्ति का मौजूदा बाजार मूल्य 5 करोड़ रुपये से भी अधिक होने की संभावना है|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment