Home बिहारनशा मुक्त युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति : प्रेम

नशा मुक्त युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति : प्रेम

by Munna Pathak

पटना : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विकसित भारत संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित “नशा मुक्ति युवा अभियान” के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया, जिसे देश के लगभग एसक करोड़ युवाओं ने सुना|अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, संस्कारित और नशा मुक्त होगा| उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं, यदि उनकी ऊर्जा शिक्षा, विज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगेगी तो भारत विश्वगुरु बनेगा| लेकिन यदि वही ऊर्जा नशे की गिरफ्त में चली गई तो परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों का भविष्य प्रभावित होगा|उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तोड़ देता है| यह स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा और नैतिक मूल्यों को नष्ट कर देता है| इसलिए नशामुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है|अध्यक्ष ने भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवद्गीता, ऋग्वेद, अथर्ववेद, रामायण और महाभारत सभी संयम, आत्म नियंत्रण और सदाचार का संदेश देते हैं| उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इन्द्रियों पर नियंत्रण को सफलता का मार्ग बताया है, जबकि भगवान बुद्ध ने पंचशील में मादक पदार्थों से दूर रहने का उपदेश दिया| भगवान महावीर ने संयम को जीवन की सबसे बड़ी साधना बताया तथा गुरु नानक देव, संत कबीर, स्वामी विवेकानन्द, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महान विभूतियों ने सदैव अनुशासन, चरित्र निर्माण, शिक्षा और स्वस्थ जीवन को राष्ट्र की प्रगति का आधार माना है|उन्होंने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि आज मादक पदार्थों का अवैध कारोबार युवाओं को लक्ष्य बना रहा है| सोशल मीडिया, गलत संगति और क्षणिक आनंद की चाह युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है| शुरुआत जिज्ञासा से होती है, लेकिन धीरे-धीरे वही आदत लत बनकर जीवन, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देती है|उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि “नशा नहीं, शिक्षा चुनेंगे, व्यसन नहीं, व्यायाम चुनेंगे, हताशा नहीं, आशा चुनेंगे, स्वार्थ नहीं, राष्ट्र निर्माण चुनेंगे|” साथ ही उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से यह आवाहन भी किया “मैं स्वयं नशा नहीं करूंगा, न किसी को करने दूंगा तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाऊंगा|”कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए इस्कॉन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी,आर्ट ऑफ लिविंग,गायत्री परिवार,पतंजलिसहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा| ताकि देश के भविष्य को नशे की लत से मुक्त किया जा सके|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment