Home पर्यटनगंगा में वाटर मेट्रो से खुलेगा विकास का नया द्वार, पर्यटन और जल परिवहन को मिलेगी नई पहचान: मुख्यमंत्री

गंगा में वाटर मेट्रो से खुलेगा विकास का नया द्वार, पर्यटन और जल परिवहन को मिलेगी नई पहचान: मुख्यमंत्री

by Munna Pathak

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज स्थानीय दीघा घाट से कंगन घाट तक कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया| इस नई सुविधा से पटना आनेवाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गंगा नदी में जल-यात्रा का नया अनुभव मिलेगा| साथ ही, राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को और मजबूती मिलेगी| पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है| वाटर मेट्रो के शुभारंभ होने से पटनावासियों को अशोक राजपथ के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और गंगा के रास्ते सुगम और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा|ज्ञात हो कि कैटामरान वेसल 50 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जलयान है| यह मुख्यतः विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है, इसके संचालन से जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण एवं वायु प्रदूषण नहीं होगा| यह गंगा नदी में पर्यटकों को एक रोमांचक एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा| इस कैटामरान वेसल में उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन सुविधा, शौचालय, व्हील चेयर एवं अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं| कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का परिचालन पटना के दीघा (मीनार घाट) से प्रारंभ होगा तथा यह गांधी घाट पहुंचेगा| इसके पश्चात् गांधी घाट से पुनः दीघा के लिए प्रस्थान करेगा तथा शाम को दीघा (मीनार घाट) पहुंचेगा| इस आधुनिक कैटामरान वेसल में यात्रा का किराया प्रति वयस्क 50 रूपये निर्धारित किया गया है| पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकिपांच से बारह वर्ष तक के बच्चों के लिए टिकट का दर निर्धारित किराये का आधा होगा| सभी पर्यटक अभी दीघा घाट पर काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं, शीघ्र ही ऑनलाइन टिकट की भी सुविधा प्रदान की जाएगी, यह कैटामरान वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है| इसमें उपलब्ध बैटरी को चार्ज करने के लिए पटना के दीघा (मीनार घाट) एवं गांधी घाट पर फास्ट चार्जर एवं शोर चार्जर (Shore Charger) की व्यवस्था की गई है, भविष्य में इसका संचालन कंगन घाट तक विस्तारित किया जायेगा|

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक सर्व श्री संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार,संजय कुमार, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment