पटना: कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में कृषि को लाभकारी, टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल बनाने के लिए फसल विविधिकरण को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है| इसी उद्देश्य से चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत पोषक अनाज (मिलेट्स) के अनुसंधान, उत्पादन एवं मूल्य श्रृंखला के समग्र विकास के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है| मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप श्री अन्न को वैश्विक पहचान दिलाने, पोषण सुरक्षा मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने एवं जलवायु अनुकूल खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में बिहार सरकार प्रतिबद्ध है| जिसके फलस्वरूप वर्ष 2025-26 में विभिन्न योजनाओ के तहत कुल 18246 हे. में श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा दिया गया है|
उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषण सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार होने के साथ-साथ जलवायु अनुकूल खेती का भी सशक्त विकल्प हैं| कम पानी में बेहतर उत्पादन की क्षमता, पोषक तत्वों की प्रचुरता और प्रतिकूल मौसम में भी फसल की सहनशीलता इन्हें भविष्य की खेती के लिए महत्वपूर्ण बनाती है| बिहार में मिलेट्स की खेती का दायरा बढ़ाने, किसानों को आधुनिक एवं उन्नत तकनीक से जोड़ने तथा इसके उत्पादों के लिए मजबूत बाजार विकसित करने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी|मंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि स्वीकृत राशि से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में पोषक अनाज मूल्य श्रृंखला के विकास कार्यक्रम हेतु बिहार मिलेट्स वैल्यू चैन के लिए सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना जाएगी| इसका संचालन अंतरराष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान (ICRISAT), बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर तथा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के तकनीकी सहयोग से किया जाएगा| इसके माध्यम से मिलेट्स के अनुसंधान, उन्नत प्रभेदों के विकास, उत्पादन तकनीक तथा मूल्य संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाया जाएगा| इसी क्रम में बिहार मिलेट्स वैल्यू चैन के लिए सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा मिलेट्स के विभिन्न फसलो के 16 प्रभेदों को स्वीकृति हेतु भेजा गया है|
योजना के तहत अधिक उपज देने वाले, बेहतर पोषण गुणवत्ता से युक्त एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति सहनशील मिलेट्स के जर्मप्लाज्म का संरक्षण, मूल्यांकन एवं संवर्धन किया जाएगा| आधुनिक वैज्ञानिक और जैव-प्रौद्योगिकीय तकनीकों के उपयोग से नई उन्नत किस्मों के विकास को गति मिलेगी| साथ ही, बिहार के विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों के अनुकूल प्रभेद विकसित करने और उनके बहु-स्थानीय परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी| गरमा मौसम में मिलेट्स की खेती की संभावनाओं को परखने के लिए प्रायोगिक प्रत्यक्षण भी आयोजित किए जाएंगे| मंत्री ने कहा कि मिलेट्स उत्पादन को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है| इस दिशा में बीज उत्पादन एवं वितरण प्रणाली को सुदृढ़ किया जाएगा| उत्पादन से लेकर कटाई एवं प्रसंस्करण तक आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसानों की लागत कम हो और खेती अधिक सुविधाजनक एवं लाभकारी बन सके|उन्होंने कहा कि मिलेट्स की खेती को आर्थिक रूप टिकाऊ बनाने के लिए इसकी पूरी मूल्य श्रृंखला के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा| इसमें महिला किसानों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा| मिलेट्स आधारित उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर उद्यमिता विकसित हो और किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!