Home उद्योगबिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की पहल, NSE के सहयोग से कार्यशाला आयोजित

बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की पहल, NSE के सहयोग से कार्यशाला आयोजित

by Munna Pathak

पटना: बिहार में उद्यमियों के लिए वित्तीय संसाधनों तक पहुंच को सुलभ बनाने और इक्विटी फंडिंग के माध्यम से औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) के सहयोग से आज राजधानी पटना में ‘फंड रेजिंग थ्रू इक्विटी-में बोर्ड एवं SME’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया| कार्यक्रम में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने स्वागत भाषण दिया| उन्होंने प्रतिभागियों को बिहार की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, निवेशक सुविधा संबंधी पहलों, आगामी नीतिगत हस्तक्षेपों तथा राज्य के औद्योगिक इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया|कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए उद्यमों के विकास, विस्तार और नए अवसरों के सृजन में वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता तथा इक्विटी फंडिंग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला|

उन्होंने कहा कि बिहार के उद्यमियों की आकांक्षाएं और महत्वाकांक्षाएं तेजी से बढ़ रही हैं| राज्य के युवा नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं और बिहार के उद्यम अब स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं वैश्विक अवसरों की ओर देख रहे हैं| ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी केवल नीतियां बनाने, प्रोत्साहन देने और स्वीकृतियां उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा संपूर्ण औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उद्यमियों को उनकी विकास यात्रा के हर चरण में आवश्यक सहयोग मिल सके| इसके लिए उद्यमियों को वित्तीय संसाधनों, विशेषकर इक्विटी मार्केट के माध्यम से पूंजी जुटाने के अवसरों से परिचित कराना और उन्हें संबंधित संस्थानों से जोड़ना आवश्यक है|कार्यशाला के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बिहार की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन पहलों और औद्योगिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी| उन्होंने कहा कि बिहार उद्यमियों और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ-साथ उद्योगों की विकास यात्रा को सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है|

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की ओर से वरिष्ठ सलाहकार शैलेश पाठक तथा हेड-इश्यूअर रिलेशनशिप्स, NSE India,कृष्णन अय्यर ने प्रतिभागियों को SME एवं मेन बोर्ड पर लिस्टिंग की प्रक्रिया, IPO के लिए पात्रता मानदंड,नियामकीय आवश्यकताओं और इक्विटी मार्केट के माध्यम से पूंजी जुटाने के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी|कार्यशाला में उद्यमियों एवं प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें इक्विटी फंडिंग से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं, अवसरों और प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई| कार्यशाला में बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यावसायी आयोग के चेयरमैन सुरेश रुंगटा, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राम लाल खेतान, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल, दलित इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (DICCI) के अध्यक्ष सत्य प्रकाश, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के बिहार चैप्टर के अध्यक्ष प्रभात कुमार सिन्हा उपस्थित रहे| इस अवसर पर उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के वरीय अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमी उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment