Home उत्तर प्रदेशबिहार और यूपी के बीच 14 नए अंतर्राज्यीय मार्गों पर होगा बसों का परिचालन : मंत्री

बिहार और यूपी के बीच 14 नए अंतर्राज्यीय मार्गों पर होगा बसों का परिचालन : मंत्री

by Munna Pathak

लखनऊ: बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों के बीच जल्द ही 14 नए अंतर्राज्यीय मार्गों पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों क परिचालन जल्द ही शुरू होने जा रहा है| इसके अलावा पिछले 10 वर्षों से चल रहे 25 पुराने रूटों पर बस संचालन के समझौते को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बन गई है| सोमवार 07 सितंबर को लखनऊ के एक होटल में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच हुई उच्च-स्तरीय बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है| मंत्री श्री रावत ने कहा नए रूटों के जुड़ने से रोजाना के यात्रियों को सफर करने में काफी सहूलियत मिलेगी| बिहार-उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा जैसे राज्यों तक बिहार की बसों का आना-जाना और अधिक सुगम हो जाएगा| इस सुविधा से दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, कानपुर से बिहार आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को सीधी, सुरक्षित और सस्ती सरकारी बस सेवा उपलब्ध होगी| आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए भी यह पहल बेहद सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण कदम है|

श्री रावत ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच पिछले दस वर्षों से चले आ रहे सहयोग को नए मुकाम पर ले जाने का प्रयास है| 14 नए रूट जुड़ने से प्रवासी भाई-बहनों, छात्रों और तीर्थ-यात्रियों को भी घर तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी| उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामायण सर्किट और बुद्ध सर्किट जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को परिवहन नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई| अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज से सीतामढ़ी, गया, बोधगया तथा वैशाली तक सीधी बस सेवा शुरू होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है| बैठक में रूट निर्धारण, परमिट व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर भी सार्थक चर्चा हुई|
निगम के अनुसार, नए रूटों पर सहमति के बाद जल्द ही दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे| बैठक में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा (IAS), संयुक्त सचिव-सह-प्रशासनिक अधिकारी सुभाष नारायण, तथा दोनों राज्यों के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment