पटना : बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्थानीय होटल मोर्या में ICC बिहार स्टेट काउंसिल द्वारा आयोजित 3rd ICC Insurance Conclave 2026 में शामिल हुए| इस वर्ष आयोजित कॉन्क्लेव की थीम “Innovating Insurance for Inclusive Growth” रही| इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक एवं आर्थिक परिवेश में बीमा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है| बीमा केवल आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने तथा समावेशी विकास की अवधारणा को मजबूत करने का भी एक प्रभावी माध्यम है| उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र में हो रहे तकनीकी नवाचारों और डिजिटल बदलावों के माध्यम से आमजन तक बीमा सेवाओं की पहुंच को और अधिक सरल एवं व्यापक बनाया जा सकता है| विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे व्यवसायियों, किसानों एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक बीमा सुविधाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है|
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं| जन-धन, सामाजिक सुरक्षा एवं विभिन्न बीमा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है| अब आवश्यकता है कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी तथा जन-सुलभ बनाया जाए| उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कॉन्क्लेव उद्योग जगत, बीमा विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां विचारों का आदान-प्रदान कर भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर विमर्श किया जा सकता है| ऐसे संवाद निश्चित रूप से नई नीतियों, नवाचारों और बेहतर कार्य योजनाओं का मार्ग प्रशस्त करते हैं|
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!