Home बिहारविधान सभा के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा की सुविधा एक जनवरी से मिलेगी: निशांत

विधान सभा के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा की सुविधा एक जनवरी से मिलेगी: निशांत

by Munna Pathak

पटना : बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई| बैठक में बिहार विधान सभा के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों तथा सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया गया| स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया कि कैशलेस व्यवस्था को आयुष्मान भारत से जोड़ा जाएगा एवं सदस्यों (पूर्व एवं वर्तमान) एवं उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा प्रणाली आगामी 01.01.2027 से लागू की जाएगी| अंतर्वासी (इनडोर) चिकित्सा ही वर्तमान में कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के तहत लागू की जा रही है, जबकि बर्हिवासी (आउटडोर) चिकित्सा की प्रतिपूर्ति यथावत रहेगी| इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध सरकारी एवं गैर-सरकारी सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिपूर्ति देय की सीमा तय करने के सुझावों पर विभागीय पदाधिकारियों ने अपना पक्ष रखा| विधान सभा के सदस्यों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के चिकित्सा विपत्रों के सत्यापन हेतु सिविल सर्जन कार्यालय जाने वाली प्रक्रिया में होने वाले विलंब के मुद्दे पर भी चर्चा हुई| खासकर कैंसर, किडनी और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कर्मियों को होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को त्वरित और सुगम बनाने पर जोर दिया गया| इसके पश्चात, गयाजी जिले के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आई.एम.ए. भवन, गयाजी स्थित “मगध आई रिट्रीवल सेंटर” के लाइसेंसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए|

आगामी 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक गयाजी में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई| बैठक में स्वास्थ्य मंत्री निशांत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव सहित बिहार विधान सभा सचिवालय एवं स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment