पटना : वरिष्ठ शिक्षाविद और बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के उप निदेशक डॉ. दीपक कुमार सिंह द्वारा रचित पुस्तक “ बिफोर डेल्विंग इंट एजुकेशन मैनेजमेंट ” जो प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया है, का लोकार्पण बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह के द्वारा स्थानीय बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद् के सभागार में किया गया | इस अवसर पर सभापति ने कहा कि अच्छी पुस्तकें केवल शब्दों का संकलन नहीं होती हैं, यह लेखक के अनुभव, विचार और भावनाओं का संसार होती हैं| शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिकता, संस्कार और चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है| उन्होंने लेखक डॉ. सिंह को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा प्रबंधन पर अनुभव आधारित यह पुस्तक शिक्षा व्यवस्था को समझने और उसे बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हो सकती है|
इस अवसर पर उपस्थित उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि बिहार में प्रतिभा और मेधा की कोई कमी नहीं है| आवश्यकता इस बात की है कि शिक्षा व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन कर इस प्रतिभा को सही दिशा दी जाए| पुस्तक के
लेखक डॉ. सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग में लंबे समय तक कार्य करने के दौरान प्राप्त अनुभवों और शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को पुस्तक में संजोने का प्रयास किया गया है| इसमें शिक्षा प्रबंधन, व्यवस्था की चुनौतियों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जैसे विषयों पर विचार प्रस्तुत किए गए हैं|
समारोह में बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, बिहार रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, निदेशक डॉ. एन के अग्रवाल, विशेष सचिव पवन कुमार सिन्हा, प्रभात प्रकाशन के पीयूष कुमार सहित शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे. पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!