Home खेल-खिलाड़ीसभी प्रखंडों में हॉकी को किया जाएगा व्यवस्थित : श्रवण कुमार

सभी प्रखंडों में हॉकी को किया जाएगा व्यवस्थित : श्रवण कुमार

by Munna Pathak

पटना : बिहार के सभी जिलों एवं प्रखंडों तक हॉकी का विस्तार किया जाएगा, इसके लिए खेल को पूरी तरह से व्यवस्थित किया जाएगा| इससे ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा| इसकी चर्चा ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने रविवार 06 सितंबर को हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा आयोजित वार्षिक आम सभा में की| उन्होंने कहा कि हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार का लक्ष्य राज्य में हॉकी की जमीनी स्तर तक पहुंचाना है| इस सभा का आयोजन स्थानीय एस.आर. गार्डेन में किया गया| बैठक में वर्ष 2025-26 की कार्य समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष 2026-27 के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए उसे स्वीकृति प्रदान की गई|
संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनेगी:
मंत्री श्रवण कुमार ने दलित शोषित समाधान विद्यालय के हॉकी खिलाड़ियों को ग्रेफाइट हॉकी स्टिक प्रदान कर प्रोत्साहित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की| उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के विकास में बाधा नहीं बने, इसके लिए संघ एवं सरकार मिलकर आवश्यक प्रयास करेंगे|
बिहार में हॉकी का सुनहरा भविष्य:
मंत्री ने कहा कि आने वाला समय बिहार के हॉकी खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आएगा| बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है| हॉकी एसोसिएशन, सरकार के साथ मिलकर राज्य में हॉकी के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करेगा और बिहार को देश के अग्रणी हॉकी राज्यों में शामिल करने का हरसंभव प्रयास करेगा|
आयोजित आम सभा में एनएसएफ सहित निर्धारित एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित किया गया| साथ ही संघ के सुचारू संचालन एवं विभिन्न गतिविधियों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभिन्न समितियों का गठन करते हुए उनके चेयरमैन की नियुक्ति की गई| संघ के सचिव राणा प्रताप सिंह ने कार्यवृत्त प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष ने संघ का लेखा-जोखा एवं वार्षिक वित्तीय विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया| विभिन्न जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श कर आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई| बैठक के अंत में अनुभा सिंह ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जिला इकाइयों एवं सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया|

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

You may also like

Leave a Comment